गाजर के गुलाबजामुन रेसिपी :

09, December 2025. By -Kaushik
सर्दी में गाजर का हल्वा सब बनाते है,पर क्या आपने कभी गाजर के गुलाबजामुन खाएं है?ये मुलायम, रसीले और बिलकुल दूध से बने गुलाबजामुन की तरह लगते है,पर इसमें गाजर की मिठास और खुशबू अलग जादू बिखेरते हैं।तो जानते हैं गाजर के गुलाबजामुन की रेसिपी की।
तैयारी का समय: 20 मिनट
पकने का समय: 40 मिनट
कुल समय: 1 घंटा
कितने लोगों के लिए: 20-22 मध्यम आकार के गुलाब जामुन
सामग्री:
दिल्ली गाजर (लाल वाली) – ½ किलो (लगभग 4 मध्यम गाजर)
खोया/मावा (बिना चीनी वाला) – 200 ग्राम
मैदा – 3-4 बड़े चम्मच
बेकिंग पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
पिस्ता/बादाम (सजाने के लिए) – थोड़े से कटे हुए
घी/तेल – तलने के लिए
चाशनी के लिए:
चीनी – 2 कप
पानी – 1½ कप
केसर – 10-12 धागे (वैकल्पिक)
नींबू का रस – ½ छोटा चम्मच
गाजर के गुलाब जामुन बनाने की विधि – 10 आसान स्टेप्स में:
1. गाजर को अच्छी तरह धोकर छील लें। कद्दूकस कर लें (बारीक वाली साइड से)। अब एक नॉन-स्टिक कढ़ाई में बिना घी-तेल डाले गाजर डालें और मध्यम आंच पर 8-10 मिनट तक भूनें, ताकि सारा पानी सूख जाए और गाजर नरम हो जाए।
2. जब गाजर से कच्ची खुशबू चली जाए और वह सूखी-सूखी लगने लगे, तब गैस बंद कर दें। इसे पूरी तरह ठंडा होने दें।
3. ठंडा होने के बाद इसमें 200 ग्राम क्रम्बल किया हुआ खोया डालें। अच्छे से मिलाएँ। अब इसमें 3-4 बड़े चम्मच मैदा, ¼ छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर और थोड़ा सा इलायची पाउडर डालकर नरम आटा गूंथ लें। (बहुत ज्यादा मैदा न डालें वरना सख्त हो जाएंगे।)
4. हाथ पर थोड़ा घी लगाकर छोटी-छोटी लोइयाँ बनाएँ। बिल्कुल गोल और चिकनी गोली बनानी है, कोई दरार नहीं होनी चाहिए। 20-22 गुलाब जामुन की बॉल्स तैयार कर लें।
5. अब चाशनी बनाते हैं। एक भारी तले की कढ़ाई में 2 कप चीनी और 1½ कप पानी डालकर उबालें। जब चीनी घुल जाए तो 5-6 मिनट तक पकाएँ। चाशनी एक तार की नहीं, हल्की चिपचिपी होनी चाहिए। अंत में केसर और नींबू का रस डालकर गैस बंद कर दें।
6. एक गहरी कढ़ाई में घी या तेल मध्यम आंच पर गर्म करें। आंच को बिल्कुल धीमी कर दें (ये बहुत जरूरी है वरना अंदर से कच्चे रह जाएंगे)।
7. 5-6 गुलाब जामुन एक बार में डालें। लगातार चम्मच से हल्के हाथों घुमाते रहें ताकि चारों तरफ से एक समान सुनहरा रंग आए। 8-10 मिनट लगेंगे।
8. जब ये फूलकर दोगुने हो जाएं और गहरा ब्राउन कलर आ जाए, तो छलनी से निकालकर सीधे गर्म चाशनी में डाल दें। सारे गुलाब जामुन इसी तरह तल लें।
9. गुलाब जामुन को चाशनी में कम से कम 2-3 घंटे डूबा रहने दें। इससे ये अंदर तक रस सोख लेंगे और बहुत रसीले बनेंगे।
10. सर्विंग के समय गर्म या ठंडे जैसा पसंद हो परोसें। ऊपर से बारीक कटे पिस्ता-बादाम और थोड़ा केसर छिड़कें। बस हो गए आपके गाजर के गुलाब जामुन तैयार!
खास टिप्स:
*गाजर को अच्छे से भूनना बहुत जरूरी है, वरना गुलाब जामुन फट सकते हैं।
*चाशनी गुनगुनी होनी चाहिए जब गुलाब जामुन डालें।
*अगर खोया नहीं है तो मिल्क पाउडर (1½ कप) + ½ कप दूध से घर पर खोया बना सकते हैं।
तो अगली बार जब गाजर सस्ती मिले तो गाजर का हलवा नहीं, ये लाजवाब गाजर के गुलाब जामुन बनाइए। घरवाले तारीफ करते नहीं थकेंगे। इसे ट्राई करके मुझे कमेंट में जरूर बताइएगा कि आपके गुलाब जामुन कैसे बने!